एल्विश यादव समेत अन्य पर केस दर्ज कर बादशाहपुर थाना पुलिस जांच करेगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कोर्ट के आदेश पर जल्द ही यूट्यूबर एल्विश यादव समेत अन्य पर केस दर्ज कर बादशाहपुर थाना पुलिस जांच करेगी। एल्विश यादव समेत अन्य पर गुरुग्राम में 32 बोर गाने में विदेशी सांपों के प्रयोग करने का आरोप है। बात दें कि नोएडा में एक रेव पार्टी में सांपों के जहर का इस्तेमाल का भंडाफोड़ गुरुग्राम में शूट हुए 32 बोर गाने से ही हुआ था। इसके बाद एल्विश यादव की मुश्किलें बढ़ती चली गईं।
गुरुग्राम अदालत ने बृहस्पतिवार को 32 बोर गाने में दूसरे देशों के सांपों के इस्तेमाल को लेकर एल्विश यादव पर मामला दर्ज करने के आदेश दिए हैं। नोएडा की रेव पार्टी में रेड के दौरान नौ सांप और 20 एमएल सांप का जहर बरामद किया था। नोएडा के सेक्टर-49 थाना पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। वहीं, नोएडा पुलिस को शिकायत देने वाले पीएफए (पीपल फॉर एनिमल) के सदस्य गौरव गुप्ता ने बताया कि उन्होंने 32 बोर गाने में एल्विश यादव और सिंगर फाजिलपुरिया के साथ ही अन्यों के हाथों में दूसरे देश के सांपों को देखा था। एल्विश यादव के करीबी राहुल यादव से जब संपर्क किया और सबूतों को जुटाना शुरू किया था। नोएडा पार्टी का भंडाफोड़ होने के बाद सांपों की बरामदगी की कोशिश की जा रही थी। पीएफए सदस्य को सूचना मिली थी कि मोहाली के खरड़ बस स्टैंड के पास तस्कर सिकंदर मौजूद है। उन्होंने इसकी सूचना खरड़ पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिकंदर को हिरासत में ले लिया। सिकंदर की जांच की गई तो उसके बैग से चार कोबरा और तीन अन्य प्रजाति के सांप मिले थे।