गुरुग्राम। कोविड-19 के संक्रमण के कारण जिला अदालत में बंद हुई व्यक्तिगत सुनवाई सोमवार से शुरू हो जाएंगी। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेश के बाद व्यक्तिगत सुनवाई शुरू की गई है। 11 महीने से ऑनलाइन सुनवाई चल रही थी।
पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के चेयरमैन करणजीत सिंह ने बताया कि सभी जिला बार एसोसिएशन के आग्रह के बाद मुख्य न्यायाधीश ने व्यक्तिगत सुनवाई को मंजूरी दे दी है। कोविड संक्रमण के कारण ठप हुए कामकाज के बाद जिला अदालत में अति आवश्यक केसों की सुनवाई ऑनलाइन की जा रही थी।
पुराने मामलों में सुनवाई के लिए अगली तारीख दी जा रही थी। इस कारण ज्यादातर केस लंबी अवधि के लिए लंबित हो गए। अदालत में कामकाज ठप होने के कारण अधिवक्ताओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ी थी। कई अधिवक्ताओं को आर्थिक तंगी से भी जूझना पड़ रहा है। इस दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए ही व्यक्तिगत सुनवाई को दोबारा शुरू कर दिया गया है। ब्यूरो