पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो युवकों ने किए अश्लील इशारे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर 12 गाड़ियों में सवार युवकों के स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। युवकों ने तेज रफ्तार गाड़ियों के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट किया। वीडियो में पंजाबी और हरियाणवी गाने बज रहे थे। इस दौरान आसपास से गुजर रहे वाहन चालक जैसे तैसे बच रहे थे। जब पुलिसकर्मी ने रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने गाड़ियों की रफ्तार बढ़ा दी और अश्लील इशारे किए। गुरुग्राम की सड़कों पर जानलेवा स्टंट का सिलसिला थम नहीं रहा है। वायरल हो रहा वीडियो दो दिन पहले का बताया जा रहा है। गाड़ियों पर तिरंगे झंडे लगे हुए हैं। वीडियो में दिख रहा है कि दिल्ली नंबर की काली स्कॉर्पियो गाड़ियों का एक काफिला अचानक गुरुग्राम-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर पहुंचता है। गाड़ियों पर तिरंगे लगे हुए हैं। तेज रफ्तार में यह काफिला आगे बढ़ता रहा। काफिले में कई कारें बिना नंबर प्लेट की भी शामिल थीं। जेड ब्लैक शीशे वाली इन गाड़ियों के सनरूफ खोल कर युवक गाड़ी की छत पर बैठे हुए थे। हाईवे पर कई जगहों पर यातायात पुलिसकर्मी भी खड़े थे। इन वीडियो में द्वारका एक्सप्रेसवे की लोकेशन भी दिखाई दे रही है। दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर एयरटेल चौक के पास गाड़ियों को तेजी से चलाकर स्टंटबाजी की जा रही है। एक गाड़ी के दोनों ओर खिड़कियों में युवक बाहर निकले हुए हैं और चालक गाड़ियों को तेज गति में इधर-उधर दौड़ा रहा है।
वर्जन
वीडियो की जांच कराई जा रही है। वीडियो को दिल्ली सीमा क्षेत्र में भी शूट किया गया है। गुरुग्राम क्षेत्र में स्टंटबाजी करने में शामिल गाड़ियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हाईवे पर स्टंटबाजी के वीडियो में शामिल गाड़ियों की जांच कराई जा रही है। - संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता