मोटा मुनाफा देने के नाम पर कराया निवेश, 15 दिन में ही बंद किया ऑफिस
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-40 थाना एरिया में फर्जी कंपनी द्वारा लोगों से निवेश के नाम पर अच्छे मुनाफे का प्रलोभन देकर करोड़ों की ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में चरखी दादरी के आदमपुर निवासी देवेंद्र कुमार ने कहा गुरुग्राम के सोहना रोड स्थित जेएमडी मेगा पॉलिस बिल्डिंग में इंफिनिटी ग्रो नाम से एक कंपनी का ऑफिस था। जिसको महेंद्रगढ़ के मनीष कसाना, ललित, शुभम चौधरी, अजय प्रताप, राहुल, राजेश कुमार द्वारा चलाया जा रहा था। आरोप है कि कंपनी द्वारा मोटा मुनाफा देने का प्रलोभन देकर लोगों से निवेश कराया जा रहा था। लोगों को प्रतिमाह 18 से 20 प्रतिशत तक का रिटर्न देने का प्रलोभन कंपनी द्वारा दिया गया और लोगों के रुपये निवेश कराकर कंपनी का ऑफिस 15 दिन में ही बंद कर दिया गया।
शुरू में विश्वास जमाने के लिए कंपनी द्वारा लोगों के अकाउंट में रुपये डलवाए गए थे। जब लोगों ने मोटा निवेश करना शुरू कर दिया तो आरोपी फरार हो गए। देवेंद्र कुमार ने कहा कि राजेश व मनीष ने उसे झांसे में लेते हुए 11 लाख रुपये का निवेश करा लिया। देवेंद्र का आरोप है कि सभी आरोपी दुबई भागने की फिराक में हैं। फिलहाल मनीष का अकाउंट भी फ्रिज है। पैसा वापिस मांगने पर आरोपियों द्वारा देवेंद्र को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।