-कन्या विद्यालय से लेकर ब्राह्मण चौपाल तक लंबे समय से बनी हुई है समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। कस्बे के नगीना-करेहड़ा रोड पर स्थित कन्या विद्यालय से लेकर ब्राह्मण चौपाल तक सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। मार्ग पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, वहीं पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने से सड़क पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। इससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से इस मार्ग पर सफाई और जल निकासी की समस्या बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने बताया कि आसपास के घरों से निकलने वाले पानी के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते लोगों ने अपने स्तर पर सड़कों के नीचे पाइप डालकर पानी निकालने की व्यवस्था कर रखी है। इसके बावजूद पानी सड़क किनारे जमा रहता है और गंदगी फैलती रहती है।
निवासियों का कहना है कि कूड़े के ढेर और गंदे पानी के कारण न केवल आवाजाही में दिक्कत होती है, बल्कि इससे बीमारी फैलने का खतरा भी बना रहता है। खासकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को इस मार्ग से गुजरने में अधिक परेशानी होती है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी आस मोहम्मद से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो वे इस मुद्दे को लेकर उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे। इस मौके पर रोहित, धीरज, सुरेश, पुरण, नाजिम सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।