काले बादल छाने से दिन में हुआ अंधेरा, हेडलाइट जलाकर यात्रा करते हुए नजर आए वाहन चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में मंगलवार को सुबह हुई बारिश से इलाके में ठिठुरन बढ़ गई। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे, जिससे दिन में अंधेरा हो गया। शहर की सड़कों पर साफ दिखाई देना मुश्किल हो गया। ऐसे में वाहन चालक वाहनों की हेडलाइट जलाकर यात्रा करते हुए नजर आए।
मौसम बदलने से यातायात पर भी असर पड़ा। दिल्ली-जयपुर हाईवे और एक्सप्रेसवे पर गाड़ियां धीरे-धीरे चलती दिखीं। ठंडी हवा और बारिश के कारण बाइक चलाने वालों और पैदल चलने वाले लोगों को ज्यादा दिक्कत हुई। कई जगहों पर लोगों ने अचानक बढ़ी ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहन लिए।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के चलते अधिकतम व न्यूनतम तापमान दोनों ही सामान्य से नीचे चले गए हैं, जिससे सर्दी फिर से बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों तक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की भी संभावना है। बारिश के चलते शहर को प्रदूषण से भी हल्की राहत मिली है, जिससे हवा की गुणवत्ता में सुधार आया है।
-
नहीं सुधरा एक्यूआई
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, पिछले 24 घंटों में गुरुग्राम का एयर क्वालिटी इंडेक्स 306 रहा, जबकि मानेसर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 239 दर्ज किया गया। हालांकि बारिश के बाद भी शहर के एक्यूआई पर कोई खास असर नहीं पड़ा।