निजी अस्पताल में भर्ती मरीज को नीचे फेंकने की असंवेदनशील बात कहने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-2 में रिहायशी इमारतों और मकानों में चल रही व्यवसायिक गतिविधियों पर नगर एवं ग्राम योजनाकार विभाग सीलिंग की कार्रवाई कर रहा है। लेकिन अभियान के बीच एक विवाद भी हो गया है। कार्रवाई का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों और जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन (डीटीपीई) की टीम के बीच तीखी नोकझोंक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लोगों ने अधिकारी पर निजी अस्पताल में भर्ती एक मरीज को नीचे फेंकने जैसी असंवेदनशील बात कहने का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 13 नवंबर की शाम का है, जब डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम डीएलएफ फेज-2 के विभिन्न ब्लॉकों में सीलिंग की कार्रवाई करने पहुंची थी। इस दौरान टीम जब एक रिहायशी इमारत में संचालित निजी अस्पताल (क्लिनिक) को सील करने पहुंची, तो वहां मौजूद संचालकों, तीमारदारों और स्थानीय निवासियों ने विरोध शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में विरोध कर रहे लोग यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि अस्पताल में मरीज भर्ती हैं, ऐसे में इमारत को तत्काल सील न किया जाए।
लोगों का आरोप है कि इस पर अधिकारी ने कथित तौर पर भर्ती मरीज को नीचे फेंकने की बात कह दी। अधिकारी के इस कथित बयान के बाद मौके पर मौजूद लोग भड़क गए और टीम को घेरकर जमकर सुनाया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की और स्थिति को संभाला, जिसके बाद विभाग ने अपनी सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की।
इस संदर्भ में नगर एवं ग्राम योजनाकार विभाग के एसटीपी संजय कुमार और डीटीपीई अमित मधोलिया के मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने को कॉल नहीं उठाई।