गुरुग्राम। नए साल पर शहर में पुलिस के चाक-चौबंद बंदोबस्त के बीच टशन दिखाने के लिए अवैध हथियार साथ में लेकर घूमना युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस नाकाबंदी के दौरान युवक के पास से पिस्तौल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। युवक को कोर्ट में पेश कर भोंडसी जेल भेज दिया है।
गुरुग्राम पुलिस आयुक्त मोहम्मद अकिल पर नएवर्ष के जश्न से पूर्व ही शहर में पुलिस के पुख्ता बंदोबस्त कर दिए गए थे। पुलिस ने जगह-जगह पर नाकाबंदी करते हुए वाहन चालकों से पूछताछ के अलावा जांच पड़ताल कर रही थी। सेक्टर-40 अपराध शाखा की टीम ने सेक्टर-31 के पास से कांकरौला गांव निवासी पवन कुमार को रोका। युवक की तलाशी लेने पर उसके पास देशी पिस्तौल बरामद हुई तो पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी। युवक ने बताया कि वह दोस्तों के बीच टशन के लिए हथियार लेकर घूम रहा था लेकिन उसने कोई आपराधिक गतिविधि नहीं की।
युवक ने पुलिस को छोडने की मिन्नत मांगी लेकिन पुलिस टीम ने उसकी एक न सुनते हुए आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पिस्तौल भी जब्त कर ली। इसके अलावा पुलिस टीमों ने नए साल की शुरुआत के बाद इफको चौक, भोंडसी स्थित मारुति कुंज और गांधी नगर इलाके से तीन युवकों को भी अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान तिगरा गांव स्थित झुग्गी निवासी कार्तिक राय, फरीदाबाद निवासी रवि व गांधी नगर निवासी मथुन के रूप में हुई।