बसई फ्लाईओवर के दोनों ओर बने हैं एफओबी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे से द्वारका एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली बसई रोड पर बने दोनों एफओबी की स्वचालित सीढ़ियां खराब हैं। ऐसे में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ने बसई चौक फ्लाईओवर बनवाने के बाद बसई एन्क्लेव पार्ट दो और बसई तालाब के पास एफओबी का निर्माण कराया था।
फ्लाईओवर के उद्घाटन के दौरान दोनों एफओबी सही रहीं लेकिन बाद में रखरखाव के अभाव में दोनों की सीढ़ियां बंद हो गई हैं। बसई एन्क्लेव पार्ट से सेक्टर 10ए को जोड़ने वाली एफओबी की सीढ़ियां जर्जर हो चुकी हैं। लोगों का कहना है कि एफओबी की देखरेख नहीं होने पर लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं, नगर निगम एफओबी की नियमित सफाई भी नहीं करा पा रहा है। बसई तालाब पर बनी एफओबी पर गंदगी से भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये लगाकर बने एफओबी का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। जीएमडीए के मुख्य अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि सीढ़ियां को जल्द ठीक कराया जाएगा।
वर्जन
सड़क पार करना काफी खतरनाक होता है। स्वचालित सीढ़ियां बंद होने से परेशानी होती है। जीएमडीए को सीढि़यों को ठीक कराना चाहिए। - रमाकांत शर्मा, राम नगर
दोनों एफओबी सही जगह पर बनी हैं लेकिन स्वचालित सीढ़ियां बंद होने से परेशानी हो रही है। जीएमडीए को सफाई के साथ स्वचालित सीढि़यां को जल्द ठीक कराना चाहिए। -धर्मेंद्र मिश्रा, बसई रोड