संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्वदेशी सोच और नवाचार का संगम भारत को वैश्विक स्तर पर स्टार्टअप हब बना सकता है। यह कहना है स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल का जो गुरुग्राम विश्वविद्यालय और स्वदेशी जागरण मंच की ओर से आयोजित उद्यमिता पर्व पर मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे थे। इस दौरान छात्रों ने अपने इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स और बिजनेस आइडियाज की प्रदर्शनी लगाई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
अंतरराष्ट्रीय उद्यमिता पर्व पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन दीप जलाकर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ. संजय कौशिक ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि रचनात्मक सोच, जोखिम उठाने की क्षमता और तकनीकी नवाचार ही उद्यमिता की असली पूंजी है। वहीं, एडीसी वत्सल वशिष्ठ ने कहा कि उद्यमिता केवल रोजगार का साधन नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का माध्यम भी है।इस मौके पर कट एंड स्टाइल के संस्थापक दिनेश शर्मा और सफल उद्यमी जगदीश कुकरेजा ने भी विद्यार्थियों को प्रेरक अनुभव साझा कर सफलता के सूत्र बताए। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वह स्वदेशी को जीवनशैली बनाकर राष्ट्र की मजबूती और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देंगे।