होडल थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, राजीव कॉलोनी निवासी धर्मपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार को शाम करीब छह बजे वह घर से काम के लिए पैदल निकला था। जब वह जाट हाई स्कूल के पास पहुंचा तो पीछे से आई बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर तीन युवक सवार थे। हादसे में धर्मपाल का एक पैर और कंधा टूट गया। उसे अन्य चोटें भी आई। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई, लेकिन बाइक सवार फरार हो गए। घायल को सरकारी अस्पताल होडल ले जाया गया, जहां से उसे पलवल रेफर कर दिया गया। वहां भी चिकित्सकों ने गंभीर चोटों के कारण ट्रामा सेंटर में भर्ती कराने की सलाह दी। धर्मपाल ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद