संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पवेलियन स्पोर्ट्स मैदान पर खेले गए क्रिकेट मुकाबले में पवेलियन सीनियर्स ने आरएस क्रिकेट अकादमी को 34 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पवेलियन सीनियर्स की टीम ने 30.4 ओवर में 225 रन बनाए। टीम की ओर से यश यादव ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 62 रन बनाए। अभय ने 46 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान मनीष खत्री ने 32 रन बनाकर टीम का स्कोर मजबूत किया। आरएस क्रिकेट अकादमी की ओर से प्रीत गुरावालिया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके। मोहित ने भी 2 विकेट हासिल किए।
226 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरएस क्रिकेट अकादमी की ओर दीपू यादव ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 77 रन बनाए। निश्चय सिंह ने 42 रन का योगदान दिया। पूरी टीम 28.2 ओवर में 191 रन पर सिमट गई। पवेलियन सीनियर्स की ओर से अमान मंडल ने 6 विकेट झटके और आरएस क्रिकेट अकादमी की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। भूपेंद्र राजपूत ने भी 2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।