पटवारियों को पुराने भवन से शिफ्ट कर लघु सचिवालय में किया गया तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। जिला उपायुक्त के निर्देश पर शहर के सभी पटवारियों को अब स्थानीय लघु सचिवालय के प्रथम फ्लोर पर शिफ्ट कर दिया गया है। पहले कुछ पटवारी पुराने भवन में बैठकर कार्य करते थे, जहां उनके अधीनस्थ कर्मियों द्वारा रिकॉर्ड में छेड़छाड़ और लोगों से मनमानी फीस वसूलने की शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए सभी पटवारियों को एक ही स्थान पर स्थानांतरित कर दिया है।
नायब तहसीलदार बलविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि लघु सचिवालय में 15 हलकों के पांच पटवारियों को तैनात किया गया है, जिनके जिम्मे कुल 60 गांवों की देखरेख है। पुराने भवन में केवल रिकॉर्ड रखा गया है, जिसे भी जल्द ही लघु सचिवालय में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए अलमारियां व अन्य सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति पुराने भवन में न जाए, सभी पटवारी अब केवल लघु सचिवालय में ही उपलब्ध रहेंगे।