- योगेश चौधरी काशी समिट में करेंगे हरियाणा का प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। नगर परिषद पटौदी क्षेत्र के गांव मिलकपुर निवासी योगेश चौधरी आगामी युवा आध्यात्मिक समिट 2025 में हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह ऐतिहासिक समिट भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में 19-20 जुलाई को काशी (वाराणसी) में आयोजित की जाएगी।
इस मंच के लिए देशभर की 31 लाख से अधिक युवा इकाइयों में से केवल शीर्ष 100 संगठनों को आमंत्रित किया गया है। गुरुग्राम की प्रतिष्ठित संस्था यूथ सोशलग्राम फाउंडेशन को इस विशेष आमंत्रण में स्थान मिला है, जिसके संस्थापक और निदेशक योगेश चौधरी स्वयं इस राष्ट्रीय आयोजन में भाग लेंगे। वह न केवल प्रतिनिधित्व करेंगे बल्कि एक विचार वक्ता (थॉट लीडर) के रूप में मंच से अपने विचार भी प्रस्तुत करेंगे।
योगेश चौधरी पहले भी देश के प्रमुख मंचों पर अपनी नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर चुके हैं। वह गणतंत्र दिवस परेड में तीन वर्षों तक प्रशिक्षक एवं प्रतिभागी के रूप में शामिल रह चुके हैं तथा युवा भारत जैसे अभियानों में राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व कर चुके हैं। इसके लिए उन्हें प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।
योगेश चौधरी ने बताया कि समिट के बाद यूथ सोशलग्राम फाउंडेशन हरियाणा के विभिन्न जिलों में काशी संकल्प अभियान की शुरुआत करेगा। इसके तहत स्कूलों और कॉलेजों में नशा मुक्ति संवाद शृंखला, लीडरशिप कार्यशालाएं, जनचेतना रथ यात्रा, तथा पुलिस-प्रशासन व सामाजिक संगठनों के साथ संयुक्त मंच स्थापित किए जाएंगे।