जिला स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी। प्रशिक्षक
- अंडर-14 और अंडर-19 में पटौदी चैंपियन, अंडर-17 में गुरुग्राम ब्लॉक ने मारी बाजी
गुरुग्राम (संवाद)। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की जिला स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को डीएलएफ फेज-3 स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नाथूपुर में हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न ब्लॉकों की बालक टीमों ने बारिश के बीच भी शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
बालक वर्ग के अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में पटौदी ब्लॉक की टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। दोनों वर्गों के फाइनल में सोहना ब्लॉक की टीमें उपविजेता रहीं। वहीं, अंडर-17 वर्ग में गुरुग्राम ब्लॉक की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए पहला स्थान हासिल किया। इस वर्ग में सोहना ब्लॉक की टीम दूसरे स्थान पर रही। समापन समारोह में विद्यालय की प्राचार्या कृष्णा कुमारी ने खिलाड़ियों को अनुशासन, धैर्य और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बधाई दी। उन्होंने प्रतियोगिता की कन्वीनर अनिता कुमारी और आयोजन से जुड़े शिक्षकों व स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि खराब मौसम के बावजूद प्रतियोगिता का सफल और निष्पक्ष आयोजन सराहनीय रहा। आयोजन से जुड़े राजेंद्र सिंह ने बताया कि बारिश के बावजूद सभी मुकाबले रोमांचक रहे। खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और समर्पण का परिचय दिया। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।