मानेसर। द्वारका एक्सप्रेसवे से मानेसर की ओर जाने वाली सड़क पर दोनों तरफ अवैध रूप से खड़े ट्रकों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे ट्रक खड़े रहने से रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण कई बार सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। इससे अचानक दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। खासतौर पर रात के समय और पीक आवर में यह समस्या और बढ़ जाती है। द्वारका एक्सप्रेसवे और मानेसर क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन चलते हैं। ऐसे में सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े ट्रक न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने मानेसर पुलिस और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क किनारे खड़े अवैध ट्रकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। साथ ही भारी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क पर जाम की समस्या कम हो और हादसों पर रोक लगाई जा सके। संवाद