विधायक सुधीर सिंगला ने भाजपा प्रदेश प्रभारी को दिया सम्मेलन के लिए न्यौता
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम विधानसभा में 27 अगस्त को प्रस्तावित पन्ना प्रमुख सम्मेलन में आने के लिए गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला ने प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब को न्यौता दिया। प्रदेश प्रभारी ने सम्मेलन में शामिल होना स्वीकार करते हुए विधायक सुधीर सिंगला को शुभकामनाएं दी। भाजपा हरियाणा के प्रदेश प्रभारी व त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने गुरुग्राम विधायक सुधीर सिंगला के समक्ष कहा कि हम सब अपनी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। पार्टी आज जिस मजबूत स्थिति में है, उसका श्रेय उस अंतिम कार्यकर्ता तक को जाता है, जो छोटे-छोटे कार्यक्रमों में भी जमीन से जुड़कर काम करता है। भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि राष्ट्र को समर्पित कार्यकर्ताओं की फौज वाला संगठन है।
बिप्लब कुमार देब से मुलाकात के दौरान विधायक सुधीर सिंगला ने उनसे पार्टी के कार्यक्रमों पर चर्चा की। सिंगला ने कहा कि गुरुग्राम विधानसभा का 27 अगस्त की शाम को होने वाले पन्ना प्रमुख सम्मेलन का स्थान जल्द ही तय करके जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि द्रोण नगरी गुरुग्राम के कार्यकर्ताओं की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वे इस पन्ना प्रमुख सम्मेलन में इतिहास रचें।