सरकारी और निजी स्कूलों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, पंजीकरण नहीं कराने वाले प्रतियोगिता से रहेंगे वंचित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राज्य स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताओं को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के सरकारी और निजी स्कूलों के खिलाड़ियों का विभिन्न खेलों के लिए पंजीकरण कराया गया है। अब तक 2300 से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण हो चुका है। इस बार राज्य स्तर पर 33 खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
सहायक शिक्षा अधिकारी (खेल) जगदीश अहलावत ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए 2300 से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण हो चुका है। कुल 33 खेलों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी हैं। खिलाड़ियों का पंजीकरण अनिवार्य है। जिन खिलाड़ियों का पंजीकरण नहीं हुआ है, वे निर्धारित नियमों के अनुसार प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
प्रतियोगिताओं में सरकारी स्कूलों के साथ-साथ निजी स्कूलों के खिलाड़ी भी हिस्सा ले सकेंगे। विभाग की ओर से स्कूलों से खिलाड़ियों का विवरण और खेलवार जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि प्रतियोगिताओं के आयोजन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हों। राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय स्तरीय की प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।