-द्वारका एक्सप्रेसवे और एनएच-48 पर यातायात पुलिस ने चलाया अभियान, कैमरों से रखी गई नजर गुरुग्राम। हाईवे और एक्सप्रेसवे पर लेन ड्राइविंग नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। जुलाई माह में नियमों का उल्लंघन करने वाले 16,118 वाहनों के चालान काटे गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रतीक गहलोत के निर्देश पर द्वारका एक्सप्रेसवे और दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार, एक जुलाई से 31 जुलाई तक अत्याधुनिक कैमरों की मदद से लेन ड्राइविंग नियम तोड़ने वाले वाहनों की निगरानी की गई। कैमरों में कैद उल्लंघनों के आधार पर चालान जारी किए गए। पुलिस का कहना है कि गलत लेन में वाहन चलाना और बिना जरूरत बार-बार लेन बदलना सड़क हादसों का बड़ा कारण बनता है। यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि नियमों का पालन कराने के लिए कैमरों के साथ-साथ यातायात पुलिस की टीमें भी मौके पर कार्रवाई कर रही हैं। वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के लिए निर्धारित लेन में चलने और अनावश्यक लेन बदलने से बचने की अपील की गई है। ब्यूरो