3 आरोपियों को लिया 1 दिन के पुलिस रिमांड पर, 27 को भेजा जेल
नूंह। जिले के माउंट अरावली स्कूल से सोमवार को पकड़े गए फर्जी परीक्षार्थियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से तीन नाबालिग आरोपियों को फरीदाबाद जुवेनाइल बाल सुधार ग्रह तथा एक नाबालिग लड़की को करनाल बाल सुधार ग्रह भेजने का आदेश अदालत द्वारा दिया गया। वहीं, 3 आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है तथा 27 आरोपियों को जेल भेजने का निर्णय अदालय द्वारा लिया गया।
अपने परिचितों व सगे-संबंधियों या फिर पैसे लेकर परीक्षा में बैठने वाले 34 फर्जी परीक्षार्थियों को नूंह के सिटी थाना पुलिस व साबइर थाना पुलिस ने सोमवार को माउंट अरावली के 10वीं कक्षा के हरियाणा ओपन बोर्ड की परीक्षा से हिरासत में लिया था। इन्हें मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने जिन फर्जी परीक्षार्थियों को पुलिस रिमांड पर लिया है उनसे यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि वे कितने पैसे लेकर परीक्षा में बैठे थे। क्या इसके पीछे कोई गैंग या सरगना भी संलिप्त है। नूंह सिटी थाना से इंस्पेक्टर ओमबीर सिंह ने बताया कि नकल रोकने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। परीक्षार्थी व उनके परिजनों से अपील है कि वे अपने बच्चों को प्रेरित करें कि परीक्षा की पवित्रता बनी रहे, कोई भी शार्टकट न अपनाएं। यदि कोई गलत रास्ता अपनाया जाता है तो उससे कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ अपनी पढ़ाई का एक कीमती वर्ष खराब हो जाएगा।