नूंह। लोगों को अब ट्रैफिक चालान के भुगतान करने में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिले के सभी थानों, चौकियों, ट्रैफिक बूथों में क्यूआर कोड चिपकाए गए हैं। कोई भी व्यक्ति जिसका चालान हुआ है वह इस क्यूआर कोड के जरिए अपना भुगतान कर सकता है। लोग क्यूआर कोड को स्कैन कर घर बैठे भी चालान का भुगतान कर सकेंगे। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी और चालान का भुगतान करने के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। दूसरी तरफ इस योजना के जरिए धांधली में भी कमी आएगी। इससे पहले मेवात में चालान के भुगतान में की गई गड़बड़ी सामने आ चुकी है। इसका शुभारंभ फिरोजपुर झिरका उप- पुलिस अधीक्षक अजायब सिंह ने किया। हालांकि नूंह पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस सुविधा से कोर्ट में भेजे जा चुके चालानों का भुगतान नहीं किया जा सकेगा।
वाहन नंबर डालने पर दिखाई देगी राशि
क्यूआर कोड स्कैन करने पर उपयोगकर्ता को सीधे हरियाणा ट्रैफिक पुलिस के पेज पर भेज दिया जाएगा। यहां चालान नंबर या वाहन नंबर डालने के बाद चालान की राशि दिखाई देगी। जिसका तुरंत भुगतान किया जा सकेगा।
उप-पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इससे न केवल आम लोगों का समय बचेगा, बल्कि चालान भुगतान की प्रकिया भी पारदर्शी होगी। नूंह पुलिस को उम्मीद है कि इससे चालान भुगतान में तेजी आएगी और लोगों को सुविधा मिलेगी।