एसटीपी से बिल्डर के साथ बैठक की लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पहले से ही 14 महीने देरी से चल रहे सेक्टर-37 के ओशियारा प्रोजेक्ट में अभी और देरी की आशंका है। इसके अलावा प्रोजेक्ट साइट पर नक्शे के विपरीत कई नए कार्य किए जा रहे हैं, इस पर आवंटियों को आपत्ति है। सोसाइटी के पहले चरण के प्राेजेक्ट के 720 फ्लैट के आवंटी इन अनियमितताओं को लेकर सेक्टर रोड जाम करेंगे।
प्रोजेक्ट में गड़बड़ियों की चर्चा के लिए जब सोसाइटी के फ्लैट बायर्स एसोसिएशन ने बिल्डर से मुलाकात करनी चाही तो बिल्डर प्रबंधन ने उनसे मुलाकात नहीं की। एसोसिएशन प्रतिनिधियों ने सीनियर टाउन प्लानर रेणुका सिंह को इस बाबत पत्र लिखकर बिल्डर के साथ बैठक आयोजित करने की मांग की है। इस संबंध में प्रोजेक्ट की साइट पर पिछले दिनों लोगों ने प्रदर्शन किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष गौतम मैती ने बताया कि वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इस अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट की बुकिंग हुई थी। लोगों को जनवरी 2023 में घर मिल जाने चाहिए थे। आवंटी घर के लिए सारे पैसे दे चुके हैं। इसके बाद यह बताया गया है अप्रैल 2024 में हमें फ्लैट मिल जाएंगे। अब तक इस प्रोजेक्ट का 70 प्रतिशत कार्य ही हुआ है। इस धीमी गति से अप्रैल में फ्लैट नहीं मिल सकेंगे।