- सेक्टर 85 स्थित ओरिस सोसाइटी के पास नहीं है 24 मीटर रोड
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर 85 स्थित ओरिस ग्रुप सोसाइटी के गेट पर सड़क की मांग को लेकर निवासियों ने रविवार को प्रदर्शन किया। हाथों में बैनर पोस्टर लिए निवासियों ने बिल्डर पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब उन्हें फ्लैट बेचे गए तब उन्हें 24 मीटर सड़क दिखाया गया और आश्वासन दिया गया कि जब वे रहने आएंगे तो मुख्य सड़क से उनका संपर्क मार्ग होगा। लेकिन यूनिट्स बेचने के बाद रास्ता बंद कर दिया गया।
लोगाें ने इसमें बिल्डर और भूमि मालिकों के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया। सड़क नहीं होने के कारण इलाके में रहने वाले करीब 7000 निवासियों और 800 स्कूली बच्चों को गांव के संकरे रेवेन्यू रोड से होकर गुजरना पड़ता है। यह सड़क काफी असुरक्षित है। किसी इमर्जेंसी में सोसाइटी तक दमकल की गाड़ी और एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पाती है। मुख्य रास्ते से सीधा संपर्क नहीं होने के कारण उन्हें रोजाना 20 से 30 मिनट ज्यादा समय लगता है। इस मुद्दे पर वे लोग स्थानीय विधायक, निगमायुक्त, उपायुक्त, डीटीसीपी सबसे अपनी समस्या बता चुके हैं। लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।