पलवल। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए डेंटल केयर एवं ओरल कैंसर डिटेक्शन कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर रोटरी क्लब फरीदाबाद द्वारा दिल्ली के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. आरके बाली के मार्गदर्शन में लगाया गया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम में शामिल डॉ. मनोज कुमार, एके दुबे, रविन्द्र सिंह और नितिन ने विद्यार्थियों के दांतों और मसूड़ों की जांच की। इस दौरान बच्चों को मसूड़ों का उपचार, दांतों की फिलिंग, सामान्य दंत परीक्षण और ओरल कैंसर जांच जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। विद्यालय के सभी विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को दांतों की सही देखभाल के बारे में भी जानकारी दी। प्राचार्य सतेंद्र सौरोत ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संवाद