महिला आईटीआई में संख्या बढ़ाने के लिए छात्राओं और अभिभावकों को किया जा रहा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-14 स्थित महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रह है। संस्थान की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत टीम स्कूलों और अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर छात्राओं व अभिभावकों को तकनीकी शिक्षा के महत्व की जानकारी दी जा रही है।
आईटीआई में दाखिले के लिए मात्र 545 रुपये एडमिशन फीस और 30 रुपये मासिक फीस निर्धारित की गई है। इसके साथ ही छात्राओं को बेसिक कंप्यूटर, स्पोकन इंग्लिश और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट का प्रशिक्षण भी निशुल्क दिया जा रहा है। यही वजह है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियां भी तकनीकी शिक्षा की ओर आकर्षित हो रही हैं। संस्थान की ओर से छात्राओं को 1000 रुपये की टूल किट सहायता, तीन लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की छात्राओं को 2500 रुपये की गर्ल प्रमोशन स्कीम, फ्री बस पास और नियमित स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
महिला आईटीआई के प्रिंसिपल रविंद्र कुमार ने बताया कि विभाग का लक्ष्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि छात्राओं को रोजगार और अप्रेंटिसशिप से जोड़ना भी है। प्रशिक्षण के बाद विभिन्न उद्योगों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। वहीं अप्रेंटिसशिप के दौरान करीब 9600 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलने का प्रावधान भी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ें ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर बेहतर करियर और रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।