गुरुग्राम। कॉलेजों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के तहत रिक्त सीटों पर सोमवार से ओपन काउंसलिंग शुरू की जाएगी। जिले के तीन मुख्य कॉलेज राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-14, राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-9, द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय में 40 फीसदी से ज्यादा सीटें अभी भी रिक्त हैं। ऐसे में तीनों कॉलेजों में 28 दिसंबर से 5 जनवरी तक ओपन काउंसलिंग के तहत दाखिले होंगे।
उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा पीजी कोर्स में दाखिलों के लिए आवेदन पोर्टल खोला जा चुका है। निदेशालय के आदेशानुसार जो छात्र पहली मेरिट सूची में नाम आने पर भी दाखिला नहीं ले सके थे वे ओपन काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे। वहीं, नए आवेदकों को भी मौका दिया जाएगा। राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-9 के दाखिला नोडल अधिकारी संजय कत्याल ने बताया कि पीजी कोर्स में दाखिलों के लिए इस बार एक ही मेरिट सूची जारी की गई है। जिसके बाद रिक्त सीटों पर ओपन काउंसलिंग के तहत दाखिला पाने का मौका मिला है। कॉलेज में पीजी कोर्स की 200 सीटों में से 89 सीटें अभी रिक्त हैं।
राजकीय महिला महाविद्यालय की नोडल अधिकारी ने बताया कि 280 सीटों में 160 सीटें भरी जा चुकी हैं। दाखिला लेने से चुके छात्र आवेदन कर ओपन काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे। इसके साथ ही 1 जनवरी से पीजी प्रथम वर्ष के छात्रों की कक्षाएं शुरू करने की तैयारी भी हो चुकी है। गौरतलब है कि निदेशालय द्वारा स्नातक कोर्सों के तहत भी आवेदन प्रक्रिया जारी है। छात्रों के पास दाखिलों के लिए 31 दिसंबर तक का मौका है।