लेजर वैली पार्क में सिंथेटिक ट्रैक के लिए करना होगा इंतजार, दोबारा टेंडर जारी
नंबर गेम - 3.89 करोड़ रुपये होंगे खर्च
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। प्रशासनिक सुस्ती और योग्य ठेकेदार नहीं मिलने के कारण विकास योजनाएं धरातल पर आने से पहले ही दम तोड़ रही हैं। इसका ताजा उदाहरण लेजर वैली पार्क है, जहां खिलाड़ियों और सैर करने वालों के लिए बनने वाले सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण टेंडरों के खेल में उलझ कर रह गया है। सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क (महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क) में सिंथेटिक ट्रैक का काम शुरू नहीं हो सका और विभाग ने अब दोबारा टेंडर जारी किया है। इस योजना पर करीब 3.89 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जीएमडीए के अनुसार, पार्क में लगभग दो किलोमीटर लंबा सिंथेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। वर्तमान में यहां कच्चा ट्रैक है, जिसके कारण बारिश के दौरान जॉगिंग और रनिंग करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ट्रैक निर्माण के लिए पहले जारी किए गए टेंडर में पांच एजेंसियों ने भाग लिया था, लेकिन वित्तीय बोली (फाइनेंशियल बिड) के मूल्यांकन के दौरान कोई भी एजेंसी निर्धारित मानकों पर खरी नहीं उतरी। इसके बाद जीएमडीए ने दोबारा निविदा जारी करने का फैसला लिया।
पांच माह में पूरा किया जाएगा काम
अधिकारियों के मुताबिक, 3.89 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस ट्रैक का निर्माण कार्य पांच माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। लेजर वैली पार्क शहर का पहला पार्क होगा, जहां सिंथेटिक ट्रैक विकसित किया जाएगा। जीएमडीए अधिकारियों का कहना है कि सिंथेटिक ट्रैक बनने से सुबह-शाम सैर और व्यायाम करने वाले लोगों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और टिकाऊ सतह मिलेगी। यह ट्रैक मौसम के प्रभाव को बेहतर तरीके से सहन कर सकेगा, जिससे इसकी गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहेगी। विशेषज्ञों के अनुसार, सिंथेटिक ट्रैक एक कृत्रिम रनिंग और वॉकिंग ट्रैक होता है, जिसे रबर, पॉलीयूरेथेन या ईपीडीएम जैसी विशेष सामग्रियों से तैयार किया जाता है। इसकी सतह सामान्य कच्चे या सीमेंटेड ट्रैक की तुलना में अधिक मुलायम और लचीली होती है।
लेजर वैली पार्क में सिंथेटिक ट्रैक निर्माण की योजना है। इसके लिए दोबारा टेंडर जारी किया गया है। यह शहर का पहला पार्क होगा, जहां सिंथेटिक ट्रैक लगाया जाएगा। -अशोक कुमार, मैनेजर (पार्क), जीएमडीए