गुरुग्राम । स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिए गए आदेश के 5 साल बीत जाने के बाद भी शहर के मरीजों को सस्ती व सुलभ जेनेरिक दवाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। साल 2015 में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शहर के 13 मेडिकल स्टोर पर जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक सिर्फ 5 स्टोर पर ही जेनेरिक दवाएं मिल रही हैं। जहां पर जेनेरिक दवाएं मिल भी रही हैं, वहां पर अलग से काउंटर तक नहीं बनाया गया है और लोगों को इन स्टोर्स की जानकारी भी नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग ने 2015 में मेडिकल स्टोर संचालकों को सस्ती जेनेरिक दवाएं रखने के आदेश दिए थे। साथ ही मरीजों के मांगने पर उन्हें हर हाल में दवा देने का भी आदेश दिया गया था, लेकिन आदेश के 5 साल बीत जाने के बाद भी मेडिकल स्टोर संचालकों ने इन दवाओं को रखने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। स्थिति यह है कि मरीजों के द्वारा दवाएं मांगने पर मेडिकल स्टोर संचालक उनको वापस लौटा देते हैं। इस समय शहर में 1200 से ज्यादा केमिस्ट शॉप चल रही हैं, जिनमें से 13 पर सस्ती जेनेरिक दवाएं बेचने के आदेश दिए गए थे लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है, साथ ही जहां पर यह दवाएं मिल भी रही हैं, वहां की जानकारी भी लोगों को नहीं है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि 8-10 मेडिकल स्टोर पर अभी और जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।