गुरुग्राम। प्रदेश के साथ ही जिले में भी कोरोना वैक्सीन का भंडार लगभग खत्म होने को है। यही वजह है कि शासकीय टीकाकरण केंद्रों पर बृहस्पतिवार को सिर्फ 1102 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा सका। वहीं, निजी अस्पतालों में पहले की तरह ही टीकाकरण किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को भी निजी अस्पतालों में 6683 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
इसी के साथ जिले में टीका लगवाने वालों की कुल संख्या अब बढ़कर 1521325 पर पहुंच गई है। हालांकि, शासकीय टीकाकरण केंद्रों पर बृहस्पतिवार को भी लोगों को टीका लगवाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। बृहस्पतिवार को जिले में कुल 7785 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसमें से 4804 ने पहली व 2981 ने टीके की दूसरी डोज लगवाई। वहीं, स्लम एरिया में मोबाइल वैन के जरिए 150 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया जबकि हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर 37 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। बृहस्पतिवार को सेक्टर-31 पॉलीक्लीनिक में विदेश जाने वाले 51 लोगों ने 28 दिन के अंतराल पर कोरोना टीके की दूसरी डोज ली।
18-44 आयु वर्ग में 5397 लोगों को लगा टीका
बृहस्पतिवार को जिले में 5397 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया, जिसमें से शासकीय केंद्रों पर 116 लोगों ने पहली व 680 ने दूसरी डोज ली। वहीं, इसी आयु वर्ग में निजी केंद्रों पर 4080 ने पहली व 521 ने टीके की दूसरी डोज ली। 45 साल से ज्यादा आयु वर्ग में बृहस्पतिवार को 2255 लोगों ने टीका लगवाया। इसमें से 32 ने शासकीय केंद्रों पर टीके की पहली व 233 ने दूसरी डोज ली। वहीं, 571 लोगों ने निजी केंद्रों पर टीके की पहली व 1429 लोगों ने दूसरी डोज ली। 60 स्वास्थ्यकर्मियों व 73 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने भी बृहस्पतिवार को कोरोना का टीका लगवाया