गुरुग्राम। मार्च की शुरुआत के साथ ही कोरोना धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगा है, रोजाना आने वाले नए मरीजों के आंकड़े इसकी पुुष्टि कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को 81 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई जबकि एक की संक्रमण के कारण मौत हुई। वहीं, 67 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। इसी के साथ अब सक्रिय मरीजों की संख्या में और इजाफा हो गया है। जिले में अब सक्रिय मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 584 हो गई है।
जिले में कोरोना मरीजों का कुल आंकड़ा बढ़कर 59916 पर पहुंच चुका है, जिसमें से 58972 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 360 मरीजों की मौत हुई है। वहीं, अब जिले में सक्रिय 584 मरीजों में से 531 होम आइसोलेट हैं जबकि 53 संक्रमित अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। इसमें से 51 का जिला कोविड हेल्थ सेंटर में इलाज चल रहा है जबकि एक-एक मरीज कोविड अस्पताल व कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं। कोविड मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच की संख्या में अब और इजाफा कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई जांच की संख्या
पहले जहां रोजाना करीब 2 हजार से 2500 लोगों की जांच की जा रही थी। वहीं, अब 3300 से ज्यादा लोगों की रोजाना जांच की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को 3354 लोगों की कोविड जांच की गई, जिसमें से 3217 की आरटी-पीसीआर व 137 लोगों की रैपिड एंटीजन किट के जरिए जांच की गई। इसी के साथ जिले में कोरोना जांच की संख्या अब बढ़कर 8 लाख 69964 तक पहुंच चुकी है, जिसमें से 59916 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।