गुरुग्राम। जिले में शनिवार को डेंगू का एक और मरीज मिला। करीब 25 दिनों बाद सामने आए इस नए मामले के साथ जिले में अब मरीजों की कुल संख्या 56 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार एंटी लार्वा अभियान चला रही है, जिसके तहत शनिवार को 118 घरों में मच्छरों का लार्वा मिला। विभाग ने इस दौरान 30 लोगों को नोटिस जारी किए हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि मौसम में हो रहे बदलाव के कारण वायरल बुखार और मच्छर जनित बीमारियों के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घरों में पानी जमा न होने दें, कूलर, गमले और खाली डिब्बों की सफाई नियमित रूप से करें। साथ ही खराब हवा की स्थिति को देखते हुए बाहर निकलते समय मास्क पहनना जरूरी है, जिससे न केवल प्रदूषण बल्कि वायरल संक्रमण से भी बचाव हो सके। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी तरह के बुखार या शरीर दर्द की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी है। संवाद