चंंडीगढ़ के एक ट्रैवल एजेंट से किया था संपर्क, आरोपी ने कर्नल के मित्र से भी की ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर क्राइम वेस्ट थाना पुलिस ने थाईलैंड के बैंकॉक व पटाया की एयर टिकट व बोर्डिंग के नाम पूर्व सेनाधिकारी से 1,01,505 रुपये ठग लिए। आरोपी पर सेनाधिकारी के मित्र से भी 17 हजार रुपये ठगने का आरोप है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में सेना में कर्नल रहे हर्ष सचदेव ने कहा कि वह अपनी पत्नी सीमा सचदेव के साथ सेक्टर-57 में रहते हैं। उनकी पत्नी की बहन अनीता शर्मा अपने पति अरुण शर्मा व बेटे मृणाल शर्मा के साथ कोलकाता रहती हैं। कर्नल सचदेव के चंडीगढ़ में रहने वाले मित्र विनय के बाबा कई साल थाईलैंड के पटाया शहर में रहे थे। कर्नल सचदेव ने जनवरी 2024 के पहले सप्ताह में छुट्टियों के लिए थाईलैंड (बैंकॉक और पटाया) जाने की योजना बनाई।
उन्होंने चंडीगढ़ में रहने वाले विनय से संपर्क किया। विनय ने उन्हें पटाया बेथ हैप्पी वेकेशंस कंपनी लिमिटेड में एक ट्रैवल एजेंसी चलाने वाले एमी अमरिंदर पाल सिंह का नंबर दे दिया। कर्नल सचदेव ने एमी अमरिंदर पाल सिंह से व्हाट्सएप पर संपर्क किया। इसमें कर्नल सचदेव व अरुण शर्मा की फैमिली के लिए दिल्ली से थाईलैंड आने-जाने का एयर टिकट, ठहरने की होटल बुकिंग के लिए 1,01,505 रुपये में बात हुई। पेमेंट करने के बाद कर्नल ने उससे थाईलैंड जाने के लिए पांच जनवरी व वापसी के लिए 9 जनवरी 2024 की एयर टिकट कराने को कहा। लेकिन उसने तीन जनवरी 2024 तक कन्फर्म टिकट और कन्फर्म स्टे बुकिंग साझा नहीं की।
इसके बाद आरोपी ने कहा कि वह परेशानी में है, तनाव में है और आरक्षण देने में सक्षम नहीं है। उसने कहा कि उसका एक स्टाफ भाग गया है, उसने उसे छोड़ दिया है और सौ से अधिक बुकिंग के कारण उसे बड़ा नुकसान हुआ है। आरोपी ने कर्नल को उनके द्वारा पेमेंट की गई राशि को वापस करने के लिए कहा और बैंक की डिटेल भी मांगी। इसके बाद भी कर्नल व आरोपी के बीच बातचीत होती रही। इसके बाद वह बहानेबाजी करने लगा और अब कर्नल की कॉल उठानी ही बंद कर दी। यही नहीं आरोपी ने विनय के बाबा को भी होटल बुकिंग के नाम पर 17 हजार रुपये की चपत लगा दी। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।