नगर निगम और जीएमडीए के जल निकासी प्रबंधन की पोल खुली
दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों तरफ आठ-आठ किमी लंबा जाम लगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम में मंगलवार शाम करीब 4 बजे हुई मूसलाधार बारिश ने नगर निगम और जीएमडीए के जल निकासी प्रबंधन की पोल खोल दी। एक घंटे की तेज बारिश से दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों तरफ करीब आठ-आठ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। आधे घंटे का सफर तय करने में लोगों को तीन से चार घंटे लग गए। इस कारण लोग देर रात अपने घर पहुंचे।
बारिश के चलते दिल्ली-जयपुर हाईवे की हालत सबसे खराब दिखी। राजीव चौक फ्लाईओवर से पहले और नरसिंहपुर में भीषण जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई। दौलताबाद फ्लाईओवर की तरफ जाने और आने वाली दोनों सड़कों पर एक-एक फीट तक पानी भर गया, जिससे घंटों जाम रहा। रेलवे रोड पर सेक्टर-5 के चौक और पुलिस बूथ के पास दो फीट तक पानी भर गया। दौलताबाद फ्लाईओवर से बस स्टैंड तक पहुंचने में लोगों को एक घंटे से ज़्यादा का समय लगा। सुशांत लोक, हीरो होंडा चौक, पटौदी रोड, सेक्टर-4, 7, 9, 10, 15, 31, 38, 46, खेड़की दौला और मोहम्मदपुर झाड़सा समेत शहर के हर कोने में पानी भर गया।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सरहौल बार्डर पर भी लंबा जाम रहा। नरसिंहपुर सर्विस रोड समेत अन्य जगहों पर पानी जमा हो गया। ऐसे में लोग रास्ते में फंस गए। हालांकि ट्रैफिक पुलिस ने कुछ जगहों पर मोर्चा संभाला लेकिन भारी बारिश से यातायात ध्वस्त हो गया।
30 फीसदी बरसाती नालों की सफाई नहीं
जलभराव का मुख्य कारण बरसाती नालों की समय पर सफाई न होना रहा। बताया गया है कि शहर के लगभग 30 फीसदी बरसाती नालों की सफाई नहीं हो पाई थी। वाल्मीकि जयंती पर अवकाश होने के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल पाए और सोशल मीडिया पर प्रशासन की नाकामी पर सवाल उठाते रहे। नागरिकों ने लगातार निगम अधिकारियों को फोन किए, लेकिन किसी भी फोन का कोई परिणाम नहीं मिला, जिससे यह साबित हो गया कि जल निकासी को लेकर निगम के वादे केवल कागजों तक ही सीमित हैं। ट्रैफिक पुलिस देर रात तक सड़कों पर तैनात रहकर यातायात सामान्य करने का प्रयास करती रही।
बारिश के बाद लगने वाले जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात रहे। हाईवे से पानी निकलने केे साथ ट्रैफिक व्यवस्था सुगम की गई।
- राजेश मोहन, डीसीपी ट्रैफिक, गुरुग्राम