- घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। सेक्टर-93 पुलिस चौकी क्षेत्र के साढराणा गांव में घर के बाहर बनी पानी की हौदी में गिरने से डेढ़ साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसा 20 अक्तूबर की देर शाम हुआ। परिवार के लोग बच्चे को पानी से निकालकर निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार, साढराणा गांव निवासी अंशुल कुमार का डेढ़ वर्षीय बेटा हिमांशु घर के आंगन में खेल रहा था। हादसे के समय अंशुल किसी काम से बाहर गए हुए थे। खेलते-खेलते हिमांशु घर के बाहर बनी पानी की हौदी के पास पहुंच गया और उसमें गिर गया। परिवार के लोगों को कुछ देर तक उसके बारे में पता नहीं चला। जब बच्चा काफी देर तक दिखाई नहीं दिया तो उसकी तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान परिजनों ने हौदी में देखा तो हिमांशु पानी में डूबा मिला। उन्होंने तुरंत उसे बाहर निकाला और नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-93 चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पानी की हौदी ज्यादा गहरी नहीं थी। आशंका है कि बच्चा उसमें मुंह के बल गिर गया, जिससे वह पानी में डूब गया। पुलिस ने मामले में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि से इन्कार किया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि बुधवार को बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच में अभी तक कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है।