अलग-अलग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सिविल लाइन्स स्थित जॉन हॉल में आयोजित पांच दिवसीय जिलास्तरीय बाल महोत्सव के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्ण भाग लिया। इस दिन 30 स्कूलों के लगभग 250 बच्चों ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दिनभर चले कार्यक्रमों में बच्चों ने स्केचिंग ऑन द स्पॉट, ग्रुप डांस, सोलो क्लासिकल डांस, सोलो सॉन्ग, क्ले मॉडलिंग और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इस दौरान बच्चों की रचनात्मकता और कला के विविध रूप देखने को मिले, जिनसे वे अपनी कल्पना और कौशल से उपस्थित सभी का मन मोहने में सफल रहे।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद, चंडीगढ़ के दिशा-निर्देशों के तहत जिला कलेक्टर अजय कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव में सोनीपत की जिला बाल कल्याण अधिकारी आरती भी उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों की प्रतिभाओं को देखकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, गुरुग्राम की जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा ने उनका पुष्पगुच्छ से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
निर्णायक मंडल में अरविंद्र जीत, सपना, डॉ. विनीत कुमार, संजय सुनेजा, नरेंद्र, मोंटी शर्मा, सैलेन्द्र, डॉ. संदीप मैहरा, महिमा, प्रीति सैनी और सुनीता रानी ने बच्चों के प्रदर्शनों का बारीकी से मूल्यांकन किया। इस दौरान जिला बाल कल्याण परिषद के कर्मचारी और बाल गृह के बच्चे भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।