एसडीएम और पूर्व सैनिकों ने शहीद स्मारक पर अर्पित किए पुष्प
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। रेजांगला दिवस पर पटौदी के पूर्व सैनिकों और एसडीएम दिनेश लुहाच ने शहीद स्मारक पहुंचकर देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया।
एसडीएम दिनेश लुहाच ने कहा कि शहीद किसी भी समाज के हों, वे सभी के लिए सम्माननीय हैं। रेजांगला देश के गौरव का अध्याय है। सैनिकों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उनके बलिदान को देश कभी नहीं भुला सकता। आज हम सैनिकों की बहादुरी और त्याग के कारण ही चैन की सांस ले रहे हैं।
इस मौके पर टेसवा के जिला अध्यक्ष सूबेदार राजेन्द्र यादव ने बताया कि 18 नवंबर 1962 को चीन के साथ हुए युद्ध में रेजांगला पोस्ट पर मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में 114 सैनिक शहीद हुए थे।
इस अवसर पर हरियाणा पूर्व सैनिक संघ गुरुग्राम-मेवात के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन कंवर सिंह यादव, टेसवा के जिला अध्यक्ष सूबेदार राजेन्द्र यादव, लेफ्टिनेंट महाबीर सिंह, सतपाल चौहान, नायक सुनील परमार, खुशीराम, कृष्ण कुमार सहित पूर्व सैनिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।