गुरुग्राम। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जैकबपुरा में 24 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लायंस क्लब गुड़गांव ग्रेटर की टीम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई। विद्यालय की ओर से एनएसएस अधिकारी सीमा और स्कूल इंचार्ज तनु ने अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह में छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, स्वच्छ भारत और भारतीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नशा मुक्त भारत और स्वच्छता विषय पर नाटिकाओं के साथ छात्राओं ने हरियाणवी, पंजाबी और राजस्थानी नृत्य भी प्रस्तुत किए। रंगोली और अन्य गतिविधियों के माध्यम से भी सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर लायंस क्लब गुड़गांव ग्रेटर की अध्यक्ष लायन निशी मोंगिया, शैलेंद्र सिंघल, हेमंत मोंगिया, धर्मेंद्र बजाज, ज्योत्सना बजाज, नंद गाबा और रागिनी सिंघल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। क्लब की ओर से करीब 150 एनएसएस विद्यार्थियों को स्नैक्स और पेय पदार्थ वितरित किए गए। प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को कुर्तियां और विद्यालय के आठ शिक्षकों को जैकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि एनएसएस युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।