अमर उजाला संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। सेक्टर-79 स्थित गोदरेज सोसाइटी के निवासी मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। इलाके में टूटी सड़कें, ठप सफाई व्यवस्था और उड़ती धूल ने लोगों का नींद उड़ा रखी है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम मानेसर के कर्मचारी नियमित रूप से सफाई नहीं करते, जिससे हर तरफ गंदगी का अंबार लगा है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन समस्याओं पर चुप्पी साधकर चैन की नींद सो रहा है।
सबसे बड़ी समस्या पास में चल रहा आरएमसी प्लांट है, जिससे उड़ने वाली धूल व प्रदूषण लोगों को बीमार कर रहा है। संवाद कार्यक्रम में लोगों ने समस्याएं साझा करते हुए कहा कि बार-बार लिखित शिकायत देने के बाद भी निगम अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। अधिकारियों की इस अनदेखी और लापरवाही के खिलाफ अब स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
लोग बोले-अधिकारी नहीं कर रहे समस्याओं का समाधान
इलाके में सड़कों की हालत खराब हो चुकी है। टूटी और जर्जर सड़कों की वजह से दिनभर धूल उड़ती रहती है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है। -
लव
रामपुरा चौक से नौरंगपुर तक सड़क पर स्ट्रीट लाइट की रोशनी बहुत कम है। कुछ जगहों पर जलती ही नहीं हैं। ऐसे में लोगों को परेशानी होती है। -
राजेश श्रीवास्तव
समस्याओं को लेकर कई बार नगर निगम के कार्यकारी अभियंता को भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया।
सुमित कुमार
इलाके में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा नहीं है। सोसाइटी तक आने-जाने के लिए लोगों को निजी वाहनों या महंगे साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। -
अनिल कुमार अत्रे
नगर निगम को नियमित रूप से टैक्स देते हैं। इसके बावजूद उन्हें जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। निगम द्वारा समस्याओं को लेकर लापरवाही बरती जा रही है
। -रमेश लखनपाल
इलाके में चल रहे आरएमसी प्लांट की वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। हालात ऐसे हो गए हैं कि सुबह के समय पूरा इलाका धूल से भर जाता है। -
हरमेश बिंदल