सीएम ने पांच अधिकारियों को चार्जशीट करने के जारी किए निर्देश, जांच की जिम्मेदारी भ्रष्टाचार निरोधक टीम को सौंपी
शेरसिंग डागर
नूंह। लंबे समय से मेवात की अरावली में चल रहे अवैध खनन में शामिल अधिकारी व कर्मचारी अब नपेंगे। मामला उजागर होने के बाद न केवल कई अधिकारियों को चार्जशीट किया गया है बल्कि इस मामले की जांच अब भ्रष्टाचार निरोधक टीम को सौंपी गई है। ताकि खनन माफियाओं के साथ सांठगांठ कर अरबों के पहाड़ को चट कराने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जा सके।
आंकलन में सामने के आया है कि दस सालों में करीब 22 अरब का अवैध खनन हुआ है। इस मामले में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पांच अधिकारियों को चार्जशीट जारी करने के आदेश भी जारी कर दिए हैं और अब मामले की जांच भ्रष्टाचार निरोध टीम को सौंप दी गई है। इस बात की पुष्टि जिले के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने की है।
खनन विभाग की 27 जनवरी 2023 की अधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार अकेले गांव रवा के अरावली की पैमाइश करने पर इस पहाड़ में से खनन माफियाओं ने 41 लाख 50 हजार 250 मीट्रिक टन पत्थर का अवैध खनन किया है, जिसकी कीमत लगभग 22 अरब रुपये बताई जा रही है। ये रिपोर्ट तत्कालीन एसडीएम की तरफ से तत्कालीन उपायुक्त को कार्रवाई के लिए भेजी गई थी। लेकिन तत्कालीन उपायुक्त ने भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। हालांकि, पिछले सप्ताह मौके पर जाकर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने खनन माफिया द्वारा बनाए गए रास्तों को खुदवा दिया था। वहीं, इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए बसई मेव के सरपंच मोहम्मद हनीफ को निलंबित भी किया है। आरोप था कि खनन के लिए अवैध रास्ते बनाने में सरपंच दोषी था।
फिरोजपुर झिरका में हरियाणा व राजस्थान से सटे गांवों में बनाए अवैध रास्तों की जांच की जिम्मेवारी अब भ्रष्टाचार निरोधक टीम को सौंपी गई है। टीम मामले में सभी पहलुओं को लेकर जांच करेगी। इसके लिए जो भी जिम्मेदार होगा उनपर कार्रवाई हाेगी। अब बड़े स्तर पर खनन एक दिन में नहीं हो सकता। इसलिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी। - विश्राम कुमार मीणा, उपायुक्त नूंह