सेक्टर-34 सबस्टेशन में कैपेसिटर बैंक व संबंधित उपकरण होंगे स्थानांतरित
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) के प्रस्तावित मेट्रो डिपो की एंट्री में आ रही बाधा दूर की जाएगी। इसके लिए सेक्टर-34 स्थित 66 केवी सबस्टेशन के दो लाइन बे नए स्थान पर शिफ्ट होंगे। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) यह कार्य कराएगा।
सेक्टर-33 में जीएमआरएल मेट्रो डिपो एवं वर्कशॉप का निर्माण कर रहा है। एचएसवीपी ने इसके लिए जमीन उपलब्ध कराई है। डिपो की मेट्रो एंट्री के रास्ते में 66 केवी लाइन का कुछ हिस्सा आ रहा है। जीएमआरएल ने एचवीपीएनएल से 390.80 वर्गमीटर जमीन मांगी है। एचवीपीएनएल अपने सबस्टेशन में लाइन बे और उपकरणों को शिफ्ट करेगा। इस कार्य पर करीब 37.76 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
सेक्टर-33 में मेट्रो डिपो एवं वर्कशॉप निर्माण पर जीएमआरएल करीब 409.78 करोड़ रुपये खर्च करेगा। परियोजना में एलिवेटेड कॉरिडोर से जुड़े सिविल और आर्किटेक्चरल कार्य शामिल हैं। छह कंपनियों ने इसके टेंडर में भाग लिया है। चयनित एजेंसी को 21 माह में निर्माण पूरा करना होगा। डिपो में मेट्रो ट्रेनों की पार्किंग, रखरखाव, संचालन और प्रबंधन की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है।