- जंक फूड और शारीरिक गतिविधि की कमी बनी बड़ी वजह
- रोजाना करीब 25 मरीज वजन कम करने की सलाह लेने पहुंच रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बदलती जीवनशैली और खानपान की आदतों के कारण लोगों में मोटापे की समस्या बढ़ रही है। लंबे समय तक बैठकर काम करना, जंक व प्रोसेस्ड फूड का अधिक सेवन और व्यायाम की कमी इसका प्रमुख कारण बन रही है। खासकर ऑफिस में घंटों बैठकर काम करने वाले लोगों में वजन बढ़ने की समस्या अधिक देखने को मिल रही है।
सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल की डाइट ओपीडी में रोजाना करीब 25 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या वजन कम करने और खानपान को लेकर सलाह लेने वालों की है। डायटिशियन डॉ. चारु ने बताया कि मोटापे से बचने के लिए भोजन में संतुलन रखना जरूरी है। लोगों को जंक फूड, अधिक तला-भुना और मीठा खाने से बचना चाहिए। उन्होंने बताया कि रोजाना कुछ समय पैदल चलना या व्यायाम करना जरूरी है। लंबे समय तक लगातार बैठे रहने के बजाय बीच-बीच में उठकर थोड़ा टहलना चाहिए। संतुलित आहार और नियमित शारीरिक गतिविधि को दिनचर्या में शामिल कर वजन को नियंत्रित रखा जा सकता है।