अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। विहिप व बजरंग दल के नाम से झुग्गी व दुकान पर धमकी भरे पर्चे चिपकाने के आरोपी को सीआईए 39 की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नूंह हिंसा के दौरान माहौल का फायदा उठाते हुए कारोबार में वर्चस्व कायम करने के लिए अन्य कबाड़ियों को भगाने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अगस्त माह में पुलिस को सेक्टर 69 में मुस्लिम समुदाय की झुग्गियों व अस्थाई दुकानों के बाहर झुग्गी खाली करने की धमकी दिए जाने के पर्चे लगाए जाने की शिकायत मिली थी। धमकी में लिखा था कि यदि झुग्गियों को खाली नहीं किया गया तो वह उसमें आग लगा देगा। पर्चे में निवेदक की जगह वीएचपी व बजरंग दल लिखा था। सेक्टर-39 सीआईए ने एक आरोपी को काबू किया, जिसकी पहचान उत्तराखंड के रहने वाले आसिफ के रूप में हुई।