नगर निगम शिकोहपुर गांव में बना रहा ई-लाइब्रेरी, कंप्यूटर सेंटर और सीएफसी सेंटर
नंबर गेम - 6.18 करोड़ रुपये किए जाएंगे खर्च
दीपक वर्मा
मानेसर। युवाओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब गुरुग्राम के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नगर निगम मानेसर की ओर से शिकोहपुर गांव में ई-लाइब्रेरी, कंप्यूटर सेंटर और सीएफसी सेंटर बनाया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 6 करोड़ 18 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निगम की इस योजना का उद्देश्य गांव के युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे गांव में रहकर ही अपने भविष्य को बेहतर बनाने की तैयारी कर सकें।
नगर निगम की ओर से इस परियोजना को लेकर काम किया जा रहा है। फिलहाल योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। इसके बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। निगम की योजना है कि युवाओं को एक ही जगह पर पढ़ाई, कंप्यूटर और इंटरनेट से जुड़ी सभी सुविधाएं मिल सकें।
पढ़ाई के लिए मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
ई-लाइब्रेरी में युवाओं को पढ़ने के लिए शांत वातावरण और आरामदायक फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही हाई-स्पीड वाई-फाई और इंटरनेट की सुविधा भी मिलेगी। कंप्यूटर सेंटर में युवा कंप्यूटर के माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे और ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। लाइब्रेरी में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, युवाओं के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था भी की जाएगी। इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिल सकेगा।
समय और पैसे दोनों की होगी बचत
फिलहाल शिकोहपुर और आसपास के गांवों के कई युवाओं को लाइब्रेरी और कंप्यूटर की सुविधा लेने के लिए गुरुग्राम जाना पड़ता है। इससे उनका काफी समय और पैसा खर्च होता है। आने-जाने में भी परेशानी होती है। गांव में ही ई-लाइब्रेरी और कंप्यूटर सेंटर बनने से युवाओं को इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। वे अपने घर के पास रहकर ही पढ़ाई कर सकेंगे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर पाएंगे।
शिकोहपुर गांव में ई-लाइब्रेरी, कंप्यूटर सेंटर और सीएफसी सेंटर बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। फिलहाल इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। - सुशील ठाकरान, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम मानेसर
गांव में ई-लाइब्रेरी और कंप्यूटर सेंटर बनने से गांव के बच्चों और युवाओं को काफी फायदा होगा। उन्हें पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुरुग्राम नहीं जाना पड़ेगा। गांव में ही इंटरनेट, कंप्यूटर और शांत माहौल में पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी। - सुमन, पार्षद, नगर निगम मानेसर