संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-10 के नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को एक्स-रे के लिए लंबी वेटिंग की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन द्वारा एक और एक्सरे मशीन की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
इस एक्सरे मशीन का संचालन अभी तक ऑपरेशन थियेटर में हो रहा था। अब इस मशीन को आम मरीजों के लिए एक्सरे वार्ड में स्थानांतरित किया जाएगा।
फिलहाल, एक शिफ्ट में 30-40 मरीजों को ही एक्सरे की सुविधा मिल पाती है। इसके चलते मरीजों को लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार से नागरिक अस्पताल में मरीजों के लिए दो एक्सरे मशीनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
जिला नागरिक अस्पताल में इलाज करवाने के लिए रोजाना करीब 2000 मरीज पहुंचते हैं। इसके अलावा इमरजेंसी के मरीज भी हैं। अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक्सरे वार्ड में तीन शिफ्ट में रोजाना 200 से अधिक मरीज सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। यहां एक एक्सरे मशीन ही मरीजों के लिए उपलब्ध थी जबकि दूसरी मशीन अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में इंस्टॉल थी।
इस कारण एक्सरे वार्ड में लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है। अक्सर यह वेटिंग लिस्ट कई दिनों लंबी हो जाती है। अस्पताल के नवनियुक्त पीएमओ ने मरीजों को राहत देने के लिए ओटी की एक्सरे मशीन को भी एक्सरे वार्ड में शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं।