सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल और मॉनिटरिंग सिस्टम पैनल से नियंत्रित करने की योजना तैयार की गई
30 हजार लाइटों को कंट्रोल किया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम क्षेत्र में लगीं स्ट्रीट लाइटें अब दिन में जलती हुई नजर नहीं आएंगी। नगर निगम की ओर से इन्हें सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल और मॉनिटरिंग सिस्टम (सीसीएमएस) पैनल से नियंत्रित करने की योजना तैयार की गई है। नगर निगम फिलहाल शहर में 500 सीसीएमएस पैनल लगाने की तैयारी में है। इनसे करीब 30 हजार लाइटों को कंट्रोल किया जाएगा।
नगर निगम की इस महत्वाकांक्षी योजना पर पांच साल बाद दोबारा काम शुरू किया गया है। इस स्मार्ट सिस्टम से न केवल बिजली की बचत होगी, बल्कि लाइटों के खराब होने और बेवजह जलने की समस्या भी खत्म हो जाएगी। निगम ने सर्वेक्षण का काम बुधवार को पूरा कर लिया है। अब निगम की तरफ से इनको लगाने के लिए एस्टीमेट तैयार हो रहा है। निगम अधिकारियों का दावा है कि नवंबर के अंत तक शहर में सभी स्ट्रीट लाइटों पर सीसीएमएस पैनल लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। बता दें कि नगर निगम गुरुग्राम के दायरे में करीब एक लाख स्ट्रीट लाइटें लगी हैं।
अभी मुख्य सड़कों पर लगीं सभी स्ट्रीट लाइटों को सीसीएमएस से जोड़ने की तैयारी है। लाइटें अब समय से ऑन होंगी और सड़कों पर अंधेरा नहीं रहेगा, जिससे रात के समय वाहन चालकों का आवागमन सुरक्षित होगा। पैनल से फॉल्ट की तुरंत जानकारी मिलने से खराब लाइटों की मरम्मत जल्द हो सकेगी, जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
सीसीएमएस सिस्टम ऐसे काम करेगा
सीसीएमएस तकनीक स्ट्रीट लाइटों को पूरी तरह से ऑटोमेटिक बना देगी। ये पैनल लाइटों को शाम ढलने पर अपने आप ऑन कर देंगे और सुबह होने पर खुद ही बंद कर देंगे। यह सारा नियंत्रण एक केंद्रीय कमांड सेंटर से होगा। निगम का अनुमान है कि इस तकनीक के इस्तेमाल से हर वर्ष 25 से 30 फीसदी तक बिजली की खपत कम हो जाएगी। यह बचत नगर निगम के राजस्व के लिए एक बड़ी राहत होगी। सीसीएमएस से लाइट में आई किसी भी खराबी (फॉल्ट) की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम को मिल जाएगी, जिससे मैन्युअल जांच की जरूरत खत्म हो जाएगी और मरम्मत का काम तेजी से हो पाएगा।
शहर में फिलहाल यह व्यवस्था चल रही
वर्तमान में गुरुग्राम में स्ट्रीट लाइटें टाइमर्स या कर्मचारियों के मैन्युअल नियंत्रण पर निर्भर हैं। कई बार टाइमर ठीक से काम नहीं करते या कर्मचारी समय पर लाइटें बंद करना भूल जाते हैं। इसके चलते न केवल बिजली की खपत बढ़ती है, बल्कि (एलईडी) लाइटें भी बेवजह जलने से जल्दी खराब हो जाती हैं। यह योजना भविष्य में निगम के राजस्व की बड़ी बचत में सहायक सिद्ध होगी।
शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को हाईटेक करने के लिए नगर निगम ने 500 सीसीएमएस पैनल लगवाने की तैयारी की है। इसके लिए सर्वेक्षण का काम लगभग पूरा हो हो गया है। इसका प्रपोजल तैयार कर मुख्यालय से मंजूरी के बाद लगाया जाएगा।
- विजय ढाका, चीफ इंजीनियर, नगर निगम, गुरुग्राम