सर्जरी के दबाव को कम करने के लिए लिया फैसला, ऑर्थोपेडिक ओपीडी में लगाए गए अतिरिक्त डॉक्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नागरिक अस्पताल में सर्जरी कराने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते विभिन्न विभागों में मरीजों की वेटिंग बढ़ने लगी है। बढ़ते दबाव को कम करने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रशासन ने अब शाम के समय भी ऑपरेशन की सुविधा शुरू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत पहले ही दिन पांच सर्जरी की गईं।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, किए गए पांच ऑपरेशनों में तीन मरीजों की सर्जरी आयुष्मान भारत योजना के तहत की गई। चार ऑर्थोपेडिक और एक गायनी विभाग की सर्जरी भी शामिल रही। अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि अतिरिक्त समय में ऑपरेशन शुरू होने से लंबित मामलों का जल्द निपटारा किया जा सकेगा और मरीजों को लंबे इंतजार से राहत मिलेगी। सामान्य दिनों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक 17 से 20 ऑपरेशन किए जाते हैं। शाम की सुविधा शुरू होने से मरीजों को राहत मिलेगी।
गंभीर मरीजों को प्राथमिकता
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पिछले कुछ समय में हड्डी रोग, स्त्री रोग और अन्य सर्जिकल मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। इसके चलते ऑपरेशन थिएटर पर कार्यभार बढ़ा है। साथ ही गंभीर मरीजों को प्राथमिकता देते हुए उनकी सर्जरी शीघ्र कराई जा रही है। स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और ऑपरेशन थियेटर कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। प्रबंधन के अनुसार शाम की पाली में सर्जरी शुरू होने से स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ेगा और अधिक से अधिक मरीजों को समयबद्ध और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
ऑर्थोपेडिक ओपीडी में बढ़ी सुविधा
अस्पताल की ऑर्थोपेडिक ओपीडी में रोजाना 150 से 200 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए एक अतिरिक्त डॉक्टर की नियुक्ति की गई है, जिससे डॉक्टरों की संख्या तीन से बढ़कर चार हो गई है। इसके साथ ही शाम की ओपीडी शुरू होने से मरीजों को परामर्श के लिए अधिक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और बेहतर सुविधा मिलेगी।
-
अस्पताल ने मरीजों की सुविधा और इंतजार का समय कम करने के लिए शाम के समय भी ऑपरेशन की सुविधा शुरू की है। इस नई व्यवस्था से अधिक मरीजों का समय पर उपचार हो सकेगा और सर्जरी के लिए लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलेगी। -
डाॅ. नीना, पीएमओ, नागरिक अस्पताल