अगले हफ्ते 30 बेड का नया वार्ड शुरू होगा, 24 बेड सर्जिकल और छह बेड कैंसर मरीजों के लिए होंगे
सौम्या गुप्ता
गुरुग्राम। सेक्टर 10 स्थित नागरिक अस्पताल में अगले हफ्ते 30 बेड का नया वार्ड शुरू किया जाएगा। अस्पताल में बेड का अभाव है, इसी को देखते हुए नए वार्ड के लिए काम चल रहा है, जिसमें से छह बेड की सुविधा कैंसर के मरीजों के लिए और 24 बेड की सुविधा सर्जिकल के लिए होगी। अस्पताल को 37 लाख रुपये का बजट मिला है। रिनोवेशन का कार्य कराने के साथ-साथ नए वार्ड में छह एसी की सुविधा भी मिलेगी जिससे मरीजों का गर्मी में बुरा हाल न हो। नए बेड की सुविधा शुरू होने से अस्पताल में अधिक मरीजों का इलाज किया जा सकेगा। रोजाना हजारों की संख्या में अस्पताल में इलाज के लिए आते हैं।
अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने के लिए 30 बेड का नया वार्ड तैयार किया जा रहा है। 37 लाख रुपये के बजट से रिनोवेशन का कार्य जारी है। इससे मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिल सकेंगी। इसका कार्य तीव्र गति से चल रहा है।
- डाॅ. लोकवीर, पीएमओ, नागरिक अस्पताल
लाभकारी साबित हो रही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और शिकायत सेवा
नागरिक अस्पताल में मार्च से अब तक 13 शिकायतें दर्ज की गईं
फोटो-38
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मार्च में शुरू की गई घर बैठे ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और शिकायत दर्ज करने की सुविधा लोगों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। इस सुविधा के तहत नागरिक टोल फ्री नंबर 104 डायल कर डॉक्टर से मिलने का समय पहले से तय कर सकते हैं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज करा सकते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में लगने वाली लंबी कतारों से लोगों को राहत देना है।
जिला नागरिक अस्पताल में मार्च से अब तक 13 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनका समाधान त्वरित रूप से किया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह सेवा विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को ध्यान में रखकर शुरू की गई थी जिससे वह बिना परेशानी डाॅक्टर को दिखा सकें। हालांकि इंटरनेट और तकनीक की जानकारी के अभाव में बहुत से लोग अभी इस सेवा का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इसे देखते हुए अस्पताल प्रशासन द्वारा जनजागरूकता के लिए बैनर लगाए जाएंगे और पूछताछ केंद्रों पर भी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।