-पशु चिकित्सा मोबाइल वैन 30 मिनट के भीतर शुरू कर देगी इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। प्रदेश सरकार द्वारा पशुपालकों को बेहतर एवं समय पर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पशु चिकित्सा मोबाइल वैन सेवा का शुभारंभ किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत पशु चिकित्सा विशेषज्ञों एवं पशुधन सहायकों से लैस मोबाइल वैन, टोल-फ्री नंबर 1962 पर कॉल प्राप्त होते ही पशुपालकों के घर पहुंचकर पशुओं का उपचार सुनिश्चित करेंगी।
यह सुविधा प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक उपलब्ध रहेगी। कॉल प्राप्त होने के 30 मिनट के भीतर मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई लाभार्थी के घर पहुंचेगी, जिससे पशुओं को समय पर इलाज व आपातकालीन चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। अभी ये सेवा तावड़ू व फिरोजपुर झिरका उपमंडल में उपलब्ध है । राज्य सरकार निकट भविष्य में इस सेवा को पुरे जिले में 24 घंटे संचालित करने की दिशा में भी कार्य कर रही है, ताकि पशुपालकों को हर समय पशु चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सके।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने अवगत कराया कि पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा पशुधन उत्पादकता बढ़ाने, रोग नियंत्रण प्रणाली को सुदृढ़ करने तथा पशु चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण हेतु दीर्घकालिक रणनीति तैयार की गई है। इसके तहत प्रदेश की सभी पशु चिकित्सा प्रयोगशालाओं को सुदृढ़ किया जाएगा तथा नैदानिक बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक रोग निगरानी एवं रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए एकीकृत एपिडेमियोलॉजी सिस्टम विकसित किए जा रहे हैं, जिससे पशुओं में फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।