कक्षा 4 से 8 तक के छात्रों के लिए टेंग्राम सेट रखना होगा जरूरी
स्वरांजलि
गुरुग्राम। जिले के सरकारी स्कूलों में अब गणित पढ़ाने का तरीका पूरी तरह बदलने जा रहा है। बच्चों को रटकर पढ़ाने के बजाय अब उन्हें गतिविधियों के माध्यम से समझाने पर जोर दिया जाएगा। इसी पहल के तहत एससीईआरटी ने कक्षा चौथी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए टेंग्राम एक्टिविटी को अनिवार्य कर दिया है और इसके सख्ती से पालन के निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के अनुसार, कक्षा 4 से 8 तक के हर छात्र के पास टेंग्राम सेट होना अनिवार्य होगा। निरीक्षण के दौरान यदि किसी छात्र के पास यह सेट नहीं पाया जाता है तो इसकी जिम्मेदारी सीधे स्कूल प्रशासन की होगी। ऐसे में संबंधित हेडमास्टर और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
क्या है टेंग्राम
टेंग्राम एक शैक्षणिक गतिविधि है, जिसमें सात अलग-अलग आकृतियों को जोड़कर नई-नई आकृतियां बनाई जाती हैं। इससे बच्चों की सोचने-समझने की क्षमता, तार्किक शक्ति और समस्या सुलझाने की योग्यता विकसित होती है।इस तरीके से बच्चों में गणित को लेकर डर कम होगा और वे इस विषय को आसानी से समझ पाएंगे।
टेंग्राम जैसी गतिविधियां बच्चों के दिमागी विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। इससे वे केवल गणित ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की समस्याओं को भी बेहतर तरीके से समझना सीखते हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा। -सुनील बजाज, एडिशनल डायरेक्टर एससीईआरटी गुरुग्राम।