डीटीपीई ने सुशांत लोक-2 में 183 और सुशांत लोक-3 में 83 मकान मालिकों को थमाया नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
गुुरुग्राम। नगर योजनाकर विभाग के जिला योजनाकार (एनफोर्समेंट) की ओर से शनिवार को ‘ऑफिस ऑन द स्पॉट’ मुहिम के तहत सेक्टर-57 में सुशांत लोक-2 में 183 और सुशांत लोक-3 में 83 मकानों पर नोटिस लगाया गया। इन सभी पर रिहायशी मकानों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने का आरोप है। इस विशेष अभियान में अभी तक सेक्टर-55, 56 तथा 57 को कवर किया जा चुका है।
शनिवार को चले अभियान का नेतृत्व डीटीपीई अमित मधोलिया ने किया। जिनकी देखरेख में 12 सदस्यीय टीम ने सेक्टर-57 में सुशांत लोक-दो व तीन में मकानों का सर्वे किया गया। टीमों ने पाया कि बड़े स्तर पर घरों में कॉमर्शियल गतिविधियां चल रही हैं। घरों में कई मकानों में नियमों के विरुद्ध गेस्ट हाउस, क्लीनिक, योग सेंटर, टेंडल, ब्यूटी पार्लर, ऑफिस आदि का संचालन किया जा रहा है। साथ ही स्टील्थ पार्किंग, जोनिंग क्षेत्र, छत और कट-आउट हिस्सों में अवैध निर्माण की पुष्टि भी हुई।
टीम ने सुशांत लोक दो में 183 और सुशांत लोक तीन में 83 कारण बताओ नोटिस जारी किए। जबकि, कई मकानों पर टीमों ने नोटिस को विधिवत चिपका दिया। डीटीपीई ने बताया कि यह अभियान मालिकों द्वारा आवासीय मकानों में स्थापित वाणिज्यिक गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए है। नोटिस के माध्यम से सभी संबंधित मकान मालिकों को सात दिन के भीतर जवाब देने का अवसर दिया गया है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित संपत्तियों पर रेस्टोरेशन आदेश जारी कर सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभी तक सेक्टर-55, 56 तथा 57 को कवर किया गया है। इससे पहले करीब 400 मकान मालिकों को नोटिस जारी किया जा चुका है। अमित मधोलिया ने बताया कि विभाग का प्रयास है कि कॉलोनियों में अवैध गतिविधियों और निर्माण को रोकना है। ‘ऑफिस ऑन द स्पॉट’ अभियान के तहत एक ही दिन में सर्वेक्षण और कार्रवाई की जाती है, जिससे समय की बचत होती है और प्रभावी परिणाम सामने आते हैं। रिहायशी क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों या अवैध निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।